शहर का समग्र विकास और जनसमस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता — तंवर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनविश्वास का संकल्प लेकर कीर्ति तंवर ने संभाली पालिका की कमान

शहर का समग्र विकास और जनसमस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता — तंवर

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। जनविश्वास को विकास के संकल्प में बदलने की प्रतिबद्धता के साथ नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर ने गुरुवार को अभिजीत मुहूर्त में नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार ग्रहण समारोह को लेकर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष तंवर ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की भावना के अनुरूप सोजत का समग्र एवं सुनियोजित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, नागरिक सुविधाओं का विस्तार तथा स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर का निर्माण उनका प्रथम कर्तव्य होगा। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का वे हरसंभव प्रयास करेंगी।

विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने कहा कि सोजत की जनता ने भाजपा को प्रचंड समर्थन देकर नगरपालिका में उसका बोर्ड बनाया और कीर्ति तंवर के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने नगरवासियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नवगठित पालिका बोर्ड के माध्यम से स्वच्छता, सड़क, सार्वजनिक प्रकाश, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

पूर्व काबीना मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने सोजत की जनता को देवतुल्य बताते हुए पालिका प्रशासन से जनसुनवाई और त्वरित समाधान की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनने के लिए नगरपालिका कार्यालय में चौबीसों घंटे एक कार्मिक की ड्यूटी लगाने पर बल दिया। समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी व युवा नेता प्रफुल्ल ओझा ने भी संबोधित किया।

संत प्रवर श्री गोविंद गिरीजी, पूर्णानंदजी, हरिओम गिरीजी, गोपाल दासजी एवं अर्जुन दासजी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित समारोह के प्रारंभ में अतिथियों ने नगरपालिका परिसर स्थित खाटू श्याम मंदिर में धोक लगाकर आशीर्वाद लिया। पंडित अजय जोशी की टीम ने मंगलमय स्वस्तिवाचन का पाठ किया। इसके पश्चात अभिजीत मुहूर्त में श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर ने अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष भंवरलाल सेणचा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं सोजत विधानसभा प्रभारी कन्हैयालाल ओझा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपुरोहित, जिला मंत्री नरपतराज सोलंकी व श्यामलाल गहलोत, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष आनंद भाटी, ताराचंद भाटी, मांगीलाल चौहान, वचनाराम भाटी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित नगरपालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार सहित सभी उपस्थित नवनिर्वाचित पार्षदों का साफा, शॉल एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

समर्थकों ने 51 किलोग्राम का विशाल पुष्पहार पहनाकर पालिकाध्यक्ष कीर्ति तंवर का भव्य बहुमान किया। भाजपा शहर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का भी साफा, शॉल एवं माल्यार्पण से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे नगरवासियों ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

समारोह के आरंभ में नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी राघव सिंह मीणा, वरिष्ठ लेखाधिकारी जगदीश लाल सोलंकी, सहायक अभियंता ललित काला, दीपक मीणा, कनिष्ठ अभियंता योगेश, नागेंद्र सिंह, सद्दाम हुसैन आदि ने अतिथियों का बहुमान किया। कार्यक्रम का सरस संचालन एडवोकेट चंद्रशेखर श्रीमाली ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा महामंत्री हीरालाल कांठेर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *