👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घूंघट में वोट मांग रहीं बहुएं, परिजन जुटा रहे समर्थन

नवगठित रामासनी बाला पंचायत में पहली बार चुनाव, सरपंच पद के लिए सात महिला प्रत्याशी मैदान में

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’ 

सोजत। घूंघट की ओट से मतदाताओं से समर्थन मांगती बहुएं और उनके पक्ष में घर-घर दस्तक देते परिजन—नवगठित ग्राम पंचायत रामासनी बाला में इन दिनों चुनाव प्रचार का यही दृश्य दिखाई दे रहा है। पहली बार अपनी पंचायत के जनप्रतिनिधि चुनने जा रहे ग्रामीणों में खासा उत्साह है। अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित सरपंच पद पर सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

पंचायत समिति सोजत की कुल 28 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को मतदान होगा। सोजत से महज पांच किलोमीटर दूर स्थित नवगठित रामासनी बाला ग्राम पंचायत में धंधेड़ी गांव को भी शामिल किया गया है। नई पंचायत के पहले चुनाव को लेकर दोनों गांवों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

शुक्रवार को पंचायत निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी सूची के अनुसार सरपंच पद के लिए केली देवी, पुष्पा देवी, मनोहर देवी, मैना मेघवाल, शोभा कुमारी, सीमा देवी और सुमित्रा देवी अपना भाग्य आजमा रही हैं। सात प्रत्याशियों के मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प बन गया है।

गांव की बहुएं घूंघट में मतदाताओं तक पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रही हैं। उनके समर्थन में पति, ससुर, जेठ और देवर सहित परिवार के सदस्य भी जनसंपर्क में जुटे हैं। मतदान से पहले प्रत्येक घर तक पहुंच बनाने और व्यक्तिगत संबंधों के सहारे समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार पहली बार पंचायत चुनाव होने के उत्साह के चलते यहां गुरुवार को हुए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य चुनाव की तुलना में अधिक मतदान की संभावना जताई जा रही है। रामासनी बाला की पहली निर्वाचित सरपंच बनने का अवसर किसे मिलेगा, इसका निर्णय अब मतदाताओं के हाथ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें