जैकल माता को लगाया छप्पन भोग, 108 दीपों से हुई महाआरती
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। शहर के वाटर वर्क्स मार्ग स्थित जैकल माता मंदिर में सोमवार रात्रि छप्पन भोग महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित हुआ। माता के आकर्षक श्रृंगार और विशेष पूजन के साथ आराधना की गई। माता के भक्तों द्वारा महोत्सव में 108 दीपों से महाआरती कर माता को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
पुजारी केवलचंद सांखला ने बताया कि शाम को आयोजित महोत्सव में माता का विशेष श्रृंगार किया गया। विधिपूर्वक पूजन के बाद दीपों की ज्योति से महाआरती उतारी गई। इसके पश्चात माता के भक्तों द्वारा विविध व्यंजनों से सुसज्जित छप्पन भोग माता के समक्ष अर्पित किया गया। श्रृंगार, पूजन और महाआरती से मंदिर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। नगर के श्रद्धालु भक्तगण आरती के बाद भी माता जी के दर्शनार्थ आते रहे। प्रसाद के लाभार्थी परिवारजन भक्तों को दस बजे तक भी प्रेमपूर्वक खीर व 56 भोग का प्रसाद वितरित करते रहे।










