
पंचायती राज चुनाव के लिए मतदान दल रवाना, 108 केंद्रों पर आज होगा मतदान
जिला परिषद के तीन और पंचायत समिति के 15 वार्डों में मतदान की तैयारी पूरी
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। पंचायती राज चुनाव के तहत गुरुवार, 22 अक्टूबर को होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के लिए बुधवार को स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से मतदान दलों को रवाना किया गया। इससे पहले पीठासीन अधिकारियों को अंतिम प्रशिक्षण देकर निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं। इसके बाद दल ईवीएम, चुनाव पेटियों, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्वाचन सामग्री के साथ पुलिस निगरानी में अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
सोजत चुनाव रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश, सहायक रिटर्निंग अधिकारी कूपसिंह पंवार, विकास अधिकारी सुरेश कविया, चुनाव शाखा के अधिकारी रफीक मोहम्मद तथा चुनाव दक्ष प्रशिक्षकों ने पीठासीन अधिकारियों को मतदान संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने मतदान दलों को शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान शनिवार, 24 अक्टूबर को होने वाले सरपंच एवं वार्डपंच के मतदान तथा रविवार, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित उपसरपंच के चुनाव की प्रक्रिया भी समझाई गई। इन चुनावों के लिए भी मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।
सोजत में जिला परिषद के तीन तथा पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए मतदान होगा। कुल 85018 मतदाताओं के लिए पंचायत समिति क्षेत्र में 108 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां गुरुवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।








