सोजत में निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 350 मरीज लाभान्वित, 250 की बीएमडी जांच
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। सांखला मेहंदी उद्योग के सहयोग से शनिवार को रामगढ़ पैलेस में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ। इसमें सोजत शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 350 मरीजों ने चिकित्सा परामर्श व जांच सुविधाओं का लाभ लिया। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पर्यावरणविद् जयंतीलाल त्रिवेदी, भाजपा नेता मोहन जाट एवं समाजसेवी प्रकाश भाटी रहे। इस अवसर पर अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
शिविर में फिजिशियन डॉ. एच. एन. योगी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक गहलोत, जनरल सर्जन डॉ. प्रगेश सांखला, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन गहलोत, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. ताराराम चौधरी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश बिश्नोई, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतिलाल सांखला, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रेणु गहलोत तथा डॉ. महेन्द्र चौधरी (एमबीबीएस) ने सेवाएं दीं। नेत्र सहायक ईश्वर सिंह ने नेत्र जांच एवं परामर्श में सहयोग किया।
शिविर की विशेष उपलब्धि 250 मरीजों की निःशुल्क बीएमडी जांच रही। आयोजकों के अनुसार सामान्यतः करीब दो हजार रुपये तक की लागत वाली हड्डियों की मजबूती की यह जांच शिविर में निःशुल्क की गई। इसके अतिरिक्त 90 मरीजों की नेत्र जांच हुई तथा रक्तचाप एवं ब्लड शुगर जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
मुख्य आयोजक, माली समाज अध्यक्ष एवं सांखला मेहंदी उद्योग के मालिक चम्पालाल सांखला ने मानव सेवा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। समाजसेवी डॉ. शांतिलाल सांखला ने बताया कि बढ़ती उम्र, पोषण की कमी एवं बदलती जीवनशैली के कारण हड्डियों की कमजोरी की समस्या बढ़ रही है। विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों में ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा अधिक रहता है। समय पर बीएमडी जांच से हड्डियों की कमजोरी का आकलन कर उचित उपचार एवं बचाव के उपाय अपनाए जा सकते हैं।











