जोधपुर में सुधा भटनागर स्मृति सद्भावना समारोह आज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जोधपुर में सुधा भटनागर स्मृति सद्भावना समारोह आज

पुस्तक ‘अनुभूतियों के आंगन में सुधा’ का होगा विमोचन, संस्थाओं और समाजसेवियों का सम्मान

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

जोधपुर। समाजसेवी स्व. सुधा भटनागर की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार को स्व. सुधा भटनागर स्मृति सद्भावना मंच की ओर से कायस्थ सद्भावना समारोह आयोजित किया जाएगा। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित कायस्थ सामुदायिक भवन में शाम 5:30 बजे होने वाले समारोह में उनके सामाजिक योगदान को याद किया जाएगा। इस दौरान साहित्यकार एल.एन. भटनागर (जालौर) लिखित पुस्तक ‘अनुभूतियों के आंगन में सुधा’ का विमोचन भी होगा। मंच संयोजक एल.एन. भटनागर ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता वयोवृद्ध समाजसेवी अशोक माथुर करेंगे।

कायस्थ जनरल सभा के अध्यक्ष नरेश माथुर, कायस्थ कल्याण समिति के सचिव अजय अस्थाना, नव शिक्षा समाज के अध्यक्ष शिरीष माथुर तथा मानसी क्लब अध्यक्ष एवं योगगुरु मुक्ता माथुर विशिष्ट अतिथि होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुधा भटनागर को पुष्पांजलि अर्पित कर होगी। सूफी, शास्त्रीय एवं सुगम संगीत के गायक डॉ. राकेश माथुर सहित अन्य कलाकार संगीतमय प्रस्तुतियों के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। पुस्तक में सुधा भटनागर के जीवन, व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और संवेदनाओं को शब्दों में संजोया गया है।

कायस्थ समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, सामुदायिक, पर्यावरण संरक्षण, भक्ति, उद्यमिता, संगीत और योग के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, समारोह का उद्देश्य स्व. सुधा भटनागर की स्मृतियों को संजोने के साथ समाज में सद्भावना, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा समाजहित में योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *