
सोजत की 26 ग्राम पंचायतों का आरक्षण तय, 12 पंचायतों में महिलाओं के हाथ होगी बागडोर
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर गुरुवार को नगरपालिका सभागार में आरक्षण लॉटरी निकाली गई। रिटर्निंग अधिकारी रवि प्रकाश की देखरेख में सोजत पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों एवं वार्ड पंचों के आरक्षण का निर्धारण किया गया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोजत पंचायत समिति क्षेत्र की कुल 26 ग्राम पंचायतों में से 12 पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए तीन, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए दो तथा सामान्य महिला वर्ग के लिए सात पंचायतें आरक्षित हुई हैं। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति ओपन वर्ग में चार, अन्य पिछड़ा वर्ग ओपन में चार तथा सामान्य ओपन वर्ग में छह पंचायतें रखी गई हैं।
अनुसूचित जाति महिला वर्ग में रामासनी बाला, खामल और सियाट, जबकि अनुसूचित जाति ओपन वर्ग में सुरायता, गागुड़ा, झूपेलाव और थरासनी ग्राम पंचायतें आरक्षित हुई हैं।
अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए अटबड़ा और राजोला कला, वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग ओपन के लिए अटबड़ा, शिवपुरा, राजोला, धाकड़ी और बागावास का निर्धारण किया गया है।
सामान्य महिला वर्ग में धुरासनी, सरदारसमंद, रेपड़ावास, खारिया सोढा, रेंदड़ी, बोयल, खारिया नींव और मंडला ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इसी प्रकार सामान्य ओपन वर्ग में चोपड़ा, रूपावास, भैंसाणा, बिलावास, धीनावास, चाड़वास और बासना ग्राम पंचायतें निर्धारित की गई हैं।
आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट होने के साथ ही पंचायत चुनावों की राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने की संभावना है। विशेष रूप से 12 पंचायतों में महिला नेतृत्व के लिए अवसर सुनिश्चित होने से इस बार ग्रामीण सत्ता में महिलाओं की सशक्त भागीदारी दिखाई देगी।









