रेंदड़ी में जिला स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता संपन्न, 73 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेंदड़ी के प्रांगण में आयोजित 70वीं पाली जिला स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर के 73 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शक्ति, कौशल और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की अध्यक्षता मॉडल स्कूल रेंदड़ी के प्रधानाचार्य हेमंत आसेरी ने की। धीनावास की प्रधानाचार्या सुनीता सांदू मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं भामाशाह सुखदेव सिंह लखावत विशिष्ट अतिथि रहे। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य कुलदीप लखावत ने खिलाड़ियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सोजत से आए वरिष्ठ कवि वीरेंद्र लखावत एवं नवनीत राय ‘रुचिर’ ने प्रेरणादायी कविताओं का पाठ कर खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया। अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने प्रतिभागियों की खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं को जनरल चैंपियनशिप के खिताब प्रदान किए गए। छात्र वर्ग में एमएस कवाड़ विद्यालय, पाली ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि छात्रा वर्ग में रेंदड़ी विद्यालय की छात्राओं ने बाजी मारी। विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल एवं प्रतियोगिता के मुख्य चयनकर्ता कमल किशोर का भी विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर रघुवीर सिंह लखावत सहित गांव के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक सर्वश्री कमल किशोर, हेमंत, गौतम, सुरेंद्र सिंह, कानाराम, मन्नालाल, रतन सिंह रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राध्यापक परविंदर सिंह, छैलसिंह सुखराज लौहार, शारीरिक शिक्षक मदनलाल, जितेंद्र, रमेश परिहार, चिरंजीलाल, दिनेश लखावत, गीता, आशा शर्मा, सुमन, जीवन बाला, प्रमिला, मंजुलता, रेणुका, राजेश्वरी एवं ब्रजराज सिंह सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। अंत में प्रतियोगिता संयोजक प्रधानाचार्य कुलदीप लखावत ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन व्याख्याता परविंदर सिंह ने किया।











