संगठन से शहर की सरकार तक : कीर्ति तंवर के सियासी सफर की नई उड़ान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संगठन से शहर की सरकार तक : कीर्ति तंवर के सियासी सफर की नई उड़ान

– नवनीत राय ‘रुचिर’

सोजत। विश्व प्रसिद्ध मेहंदी नगरी सोजत की नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व की धनी हैं। 17 फरवरी, 1980 को जन्मीं तंवर ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान एवं इतिहास विषय में स्नातकोत्तर (एम.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। विद्यार्थी जीवन से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं कीर्ति तंवर को जनसेवा और संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है।

कीर्ति तंवर ने वर्ष 2010 से 2015 तक नगरपालिका पार्षद के रूप में अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वच्छ, पारदर्शी एवं जनहितैषी कार्यशैली के कारण उन्होंने शहर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वे पूर्व में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वे भाजपा सोजत शहर मंडल अध्यक्ष का दायित्व संभाल रही हैं। संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव और निरंतर जनसंपर्क उनकी राजनीतिक कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं हैं।

उनके पति समाजसेवी राजेश तंवर भी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे वर्तमान में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता हैं तथा पूर्व में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वे भी दो बार नगरपालिका पार्षद के रूप में  सेवाएं दे चुके हैं।

शिक्षा, राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता से समृद्ध कीर्ति तंवर के नगरपालिका अध्यक्ष बनने से शहरवासियों में सोजत के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *