भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर सोजत में जश्न,
ढोल की थाप पर झूमीं महिला कार्यकर्ता
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष पद पर भाजपा की कीर्ति राजेश तंवर के निर्वाचित होने के बाद शहरभर में विजय का उल्लास दिखाई दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर, पटाखे छोड़कर तथा ढोल-बैंड की धुन पर नृत्य कर ऐतिहासिक जीत का उत्सव मनाया।
मरुधर केसरी रोड स्थित भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर के प्रतिष्ठान पर आयोजित विजय उत्सव में विधायक श्रीमती शोभा चौहान, पूर्व काबिना मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, चुनाव पर्यवेक्षक अर्जुनराम पुरोहित व भंवरलाल सेणचा तथा भाजपा चुनाव कोर कमेटी के प्रमुख एडवोकेट आनंद भाटी सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाई दी।
विजय की खुशी में महिला कार्यकर्ताओं ने बैंड एवं ढोल की थाप पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। कार्यकर्ताओं के जोश, आतिशबाजी और जयकारों से समूचा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस जीत को संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास की विजय बताया।









