सोजत में आरएसएस का युवा सम्मेलन आयोजित
युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला : विजयानंद
सोजत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सोजत की ओर से संघ की ध्येय यात्रा के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को स्थानीय राजपुरोहित छात्रावास में ‘सशक्त युवा–समर्थ राष्ट्र’ ध्येय के साथ युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जोधपुर प्रांत प्रचारक विजयानंद ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कारित, अनुशासित, जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ युवा ही सशक्त एवं समर्थ राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। युवाओं को अपने व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्वों को भी समझना चाहिए।
प्रांत प्रचारक विजयानंद ने कहा कि युवा शक्ति अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और पुरुषार्थ को सही दिशा देकर राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। सम्मेलन में युवाओं को राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता, सेवा और सकारात्मक सोच के साथ समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर के प्रमुख युवा समाजसेवी सोनहनलाल टाक ने की।
कार्यक्रम में खंड संघ चालक नेमीचन्द गहलोत ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जागृत करने के साथ युवाओं को संस्कारित, जागरूक एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाहक ओमप्रकाश मालवीय ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े भैया व बहिनों ने अपनी भागीदारी निभाई।










