भूतेश्वर महादेव मंदिर में आज होगी राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। शहर के बिलाड़िया गेट के बाहर स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार 26 अक्टूबर को राम दरबार की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा होगी। महंत महावीर गिरी महाराज की सवा साल की कठिन खड़ी तपस्या पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। सुबह 9:15 बजे राम दरबार की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा के साथ महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
महंत महावीर गिरी महाराज ने बताया कि मंदिर में बजरंगबली की नई प्रतिमा स्थापित करने और महाप्रसादी के आयोजन का संकल्प लेकर उन्होंने सवा साल की खड़ी तपस्या प्रारंभ की थी। तपस्या पूर्ण होने पर इसी संकल्प की पूर्ति के लिए धार्मिक आयोजन रखा गया है।
इस अवसर पर श्रीश्री 1008 अशोक गिरी महाराज देव की विशेष उपस्थिति रहेगी। श्रद्धालु राम दरबार के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे तथा महाप्रसादी ग्रहण करेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं। भक्तगण विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। संतों के सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन के प्रति श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।









