सोजत लौटा बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से श्रद्धालुओं का जत्था, शोभायात्रा निकालकर किया स्वागत
सोजत। बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा-2026 में शामिल होकर जम्मू-कश्मीर से लौटे श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को सोजत पहुंचा। यात्रा सकुशल पूर्ण कर लौटे श्रद्धालुओं के स्वागत में उत्साह का माहौल रहा। चांदपोल गेट से श्रद्धालुओं की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें धार्मिक जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के तहत सोजत से 95 श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुआ था। श्रद्धालुओं ने बाबा बूढ़ा अमरनाथ धाम के दर्शन करने के साथ ही शिवखोड़ी एवं वैष्णो देवी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भारत-पाकिस्तान सीमा का भी अवलोकन किया। यात्रा पूर्ण होने के बाद जत्था 21 अगस्त को जम्मू से ट्रेन द्वारा रवाना होकर 22 अगस्त को प्रातः जोधपुर पहुंचा और वहां से बसों के माध्यम से सोजत आया।
सोजत पहुंचने पर चांदपोल गेट पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद शोभायात्रा के रूप में श्रद्धालु बस स्टैंड स्थित वीर बालाजी मंदिर पहुंचे। मार्ग में श्रद्धालुओं का जगह-जगह स्वागत किया गया। बाबा बूढ़ा अमरनाथ एवं देवी-देवताओं के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना दिया।
यात्रा से लौटे विश्व हिंदू परिषद के सोजत जिला मंत्री मांगीलाल गहलोत व जिला सह मंत्री मानवेन्द्र भाटी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा ने जहां धार्मिक आस्था को और प्रगाढ़ किया, वहीं जम्मू-कश्मीर के विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को नजदीक से देखने का अवसर भी प्रदान किया। यात्रा के सकुशल संपन्न होने पर श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी अनुसार बाबा बूढ़ा अमरनाथ से पधारे श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सोजत से वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद भाटी, राजेश (पीबीएस), जगदीश (एमएलएस), धुलाराम, हरिराम पालरिया, विकास टाक (एमएलटी), घनश्याम (एजीएस) सहित गणमान्यजन मौजूद रहे। स्वागत के लिए एजीएस परिवार द्वारा ढोल एवं मालाओं की व्यवस्था की गई। अर्जुन दास जी महाराज सांडिया द्वारा जोधा बस मालिक का सम्मान वीर बालाजी मंदिर पर किया गया। विश्व हिंदू परिषद सोजत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा दुपट्टा पहना कर एवं पुष्प वर्षा कर जयकारों से स्वागत किया। रणवीर सिंह जोधा बस वालों का यात्रियों के लिए कम शुल्क में व्यवस्था करने पर सम्मान किया।











