सोजत में अवैध खनन पर सख्ती, एसडीएम रवि प्रकाश ने संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
सोजत। उपखंड क्षेत्र में अवैध खनन, खनिज के अवैध निर्गमन एवं भंडारण की रोकथाम को लेकर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की बैठक उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन, निर्गमन एवं भंडारण के मामलों में संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने विशेष रूप से अवैध बजरी खनन की रोकथाम पर गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
समस्त थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के साथ नियमित गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में विभागीय समन्वय मजबूत करते हुए अवैध खनन से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस वृत्ताधिकारी सोजत प्रतीक मील, नायब तहसीलदार बगड़ी नगर एवं सोजत सिटी, सोजत उपखंड के समस्त थानाधिकारी तथा खनन, परिवहन एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।









