सोजत में कॉलेज छात्राओं ने मतदान का संकल्प लेकर दिया जागरूकता का संदेश
सोजत। आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में श्री आई माता राजकीय कन्या महाविद्यालय, सोजत में स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया गया। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए स्वयं मतदान करने के साथ ही परिवारजनों, परिचितों एवं अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मतदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसडीएम चुनाव कार्यालय प्रभारी शिक्षाविद् मोहम्मद रफीक, प्राचार्य डॉ. श्यामलाल तोसावर, डॉ. दलवीर सिंह, डॉ. नरेश ओझा, डॉ. रमेश चंद, डॉ. राजू देवी, डॉ. खुशबू, डॉ. प्रतिभा जसु, नरेंद्र पंवार, जय किशोर रांकावत, प्रकाश नाथ, सुरेंद्र चौधरी, हरेंद्र सिंह सहित किस्मत शाह, बुशरा बानो, विधि राठौर, गुंजन राठौर, ललिता, प्रियंका, मुस्कान, कुमकुम सहित महाविद्यालय की अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से ‘पहले मतदान, फिर अन्य काम’ की भावना के साथ मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।









