अब कतार में लगने की जरूरत नहीं, मोबाइल से बनेगी अस्पताल की पर्ची
सोजत जिला अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा, QR कोड से ऑनलाइन ओपीडी पर्ची व टोकन की सुविधा
सोजत। राजकीय जिला अस्पताल सोजत सिटी में मरीजों को बेहतर, सुलभ और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत अस्पताल में ऑनलाइन ओपीडी पर्ची एवं डिजिटल टोकन की सुविधा को गति दी गई है। इससे मरीजों को पर्ची काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी।
इस पहल के तहत अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थानों पर QR कोड लगाए गए हैं। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने अस्पताल परिसर में लगे QR कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर ऑनलाइन पर्ची एवं डिजिटल टोकन जनरेट करने की पूरी प्रक्रिया स्वयं प्रदर्शित की। उन्होंने बताया कि मरीज अथवा उनके परिजन मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर कुछ ही समय में डिजिटल प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
ABHA ID बनाने की भी सुविधा
पीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि ABDM के अंतर्गत लगाए गए QR कोड के माध्यम से मरीज अपनी डिजिटल ABHA ID भी बना सकते हैं। इसके साथ ही बिना लंबी कतार में खड़े हुए ओपीडी पर्ची और डिजिटल टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
मरीजों को मिलेंगे कई लाभ
डिजिटल व्यवस्था से मरीजों को पर्ची काउंटर पर प्रतीक्षा समय कम होने के साथ समय की बचत होगी। मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने से अस्पताल की सेवाओं तक पहुंच भी अधिक सुविधाजनक बनेगी। वहीं ABHA के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रखने में सहायता मिलेगी।
पीएमओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने आमजन से अपील की कि अस्पताल आने वाले मरीज एवं उनके परिजन अनावश्यक रूप से पर्ची काउंटर पर कतार में खड़े होने के बजाय अस्पताल परिसर में लगाए गए QR कोड का उपयोग करें और डिजिटल पर्ची एवं टोकन सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से मरीजों के समय की बचत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।









