पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सोजत रोड दौरा,
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सोजत । राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को एक अल्प प्रवास पर सोजत रोड पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान गहलोत ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रमुख उद्योगपति एवं पूर्व सरपंच प्रकाश सिंह कच्छवाह के निवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा परिजनों से भी मुलाकात की।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सौहार्दपूर्ण वातावरण में भेंट कर संगठन की गतिविधियों, आगामी निकाय चुनावों तथा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निकाय चुनावों की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनावी माहौल कांग्रेस के पक्ष में बन रहा है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। गहलोत ने विश्वास जताया कि कांग्रेस संगठनबद्ध प्रयासों के बल पर आगामी निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
गहलोत के आगमन पर पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, मारवाड़ जंक्शन पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर, जैतारण पूर्व विधायक सुरेंद्र गोयल, पूर्व मुख्य सचिव एवं सोजत विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी रहे निरंजन आर्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित, विजेंद्र सिंह चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री बच्छराज महेश्वरी, पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रदीप राज सिंह, महिला जिला अध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला, नीलम बिड़ला, नगर अध्यक्ष सत्यनारायण टाक, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मोहनलाल टाक काकू, ब्लॉक अध्यक्ष संपत राज कुमावत सहित बड़ी संख्या में पाली व सोजत के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान सोजत कांग्रेस भवन, मेला चौक काकू की फैक्ट्री, मोड़ भट्टा, सियाट नर्सरी, माली समाज भवन, नेहरू उद्यान तथा अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनसे संगठनात्मक विषयों पर चर्चाकी।









