सोजत नरसिंह द्वारा को मिले नए महंत, संत गोपालदास त्यागी महाराज बने गादीपति
सोजत। सोजत के प्राचीन नरसिंह द्वारा में सोमवार को आयोजित श्रद्धांजलि एवं भंडारा कार्यक्रम के दौरान संत परंपरा के अनुरूप नए गादीपति की घोषणा की गई। इस अवसर पर संत गोपालदास त्यागी महाराज को नरसिंह द्वारा का नया महंत नियुक्त किया गया। संत समाज की उपस्थिति में उन्हें विधिवत चादर ओढ़ाकर गादी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह आयोजन दिवंगत गादीपति संत नरसिंह दास महाराज की पावन स्मृति में नदी किनारे स्थित नागणेचिया माता मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न अखाड़ों एवं आश्रमों से आए संत-महात्माओं ने सहभागिता निभाई और दिवंगत संत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नए महंत को गादीपति बनाया गया। भंडारे में सोजत शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं के दर्शन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सिद्ध प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और संत परंपरा का वातावरण बना रहा।
समारोह के समापन पर आयोजन समिति ने पधारे सभी संत-महात्माओं का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर भेंट प्रदान की। संत समाज ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे सफल एवं अनुकरणीय बताया। भंडारे एवं समारोह को सफल बनाने में संत बालकदास महाराज, समाजसेवी कैलाश दवे सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।









