नगर निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, संगठन सुदृढ़ करने पर दिया जोर
सोजत। आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम सोजत ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति तैयार करने तथा टिकट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय और सहमति को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने जीताऊ एवं जनस्वीकार्य उम्मीदवारों के चयन की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी निरंजन आर्य ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आमजन के बीच सक्रियता से जाना होगा। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को अधिकाधिक संख्या में पार्टी से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि बेरोजगारी, सरकारी उपक्रमों के निजीकरण तथा स्थानीय समस्याओं जैसे मुद्दों को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपालसिंह राजपुरोहित ने दावा किया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है तथा वर्तमान राजनीतिक माहौल कांग्रेस के पक्ष में बन रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए मजबूत संगठन आवश्यक है और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला प्रभारी राजेंद्र मुंडा, ब्लॉक अध्यक्ष संपतराज कुमावत तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला ने भी संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सत्यनारायण टांक, गोविंद दवे, महेंद्र पालरिया, पार्षद बालमुकुंद गहलोत, मंजू गहलोत, राजेश सांखला, शंकरलाल बामनिया, ताराराम सीरवी, राजूसिंह खोड़िया, कन्हैयालाल गुप्ता, तेजवीरसिंह राठौड़, संतोष पिल्लई, जुल्फिकार अली, यासू खान, राजेंद्र लहर, श्याम जोशी, घनाराम सिंधु, वंशीधर वैष्णव, रामसिंह राजपुरोहित, भागीरथ देवासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









