सोजत में लंबी तपन के बाद इंद्रदेव मेहरबान, 15 मिनट की बारिश से खेतों की बुझी प्यास

सोजत। लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी और तेज तपन के बाद शनिवार को दोपहर इंद्रदेव की कृपा बरसी। करीब 15 मिनट तक हुई मध्यम बारिश ने मौसम को पूरी तरह खुशनुमा तो नहीं बनाया किंतु खेतों की प्यास जरूर बुझाई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली और वातावरण में हल्की ताजगी घुल गई।
दोपहर को अचानक आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते हल्की वर्षा शुरू हो गई। यद्यपि बारिश अधिक देर तक नहीं हुई, लेकिन इसकी फुहारों ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सड़कें भीग गईं, पेड़-पौधे धुलकर निखर उठे और वातावरण में हल्की शीतलता का अहसास होने लगा। खेतों को अच्छा पानी मिल गया।
बारिश के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी झलक उठी। रामासनी बाला के कृषक पारसमल भाटी का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा का क्रम जारी रहा तो खरीफ फसलों को संजीवनी मिलेगी। मौसम में आए इस सुखद बदलाव से पूरे क्षेत्र में राहत और प्रसन्नता का माहौल रहा। लोगों ने इसे लंबे इंतजार के बाद इंद्रदेव की कृपा बताते हुए अच्छी बारिश की कामना की।









