हाईवे पर आवारा गौवंश बना जानलेवा, दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी
धाकड़ी बोर्ड के पास कार से टकराई गाय, गौवंश की मौत, परिवार बाल-बाल बचा

प्रशासन गौवंश के संरक्षण व सुरक्षित प्रबंधन हेतु प्रभावी कदम उठाए – दिनेश मेवाड़ा

सोजत। नेशनल हाईवे-162 पर आवारा गौवंश की लगातार मौजूदगी राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
शनिवार को प्रातः धाकड़ी बोर्ड के समीप पाली से आ रही एक तेज रफ्तार कार (नंबर WB 27A 7532) अचानक सड़क पर आए गौवंश से टकरा गई। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार पूरा परिवार सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद आसपास कुछ लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आवारा गौवंश का विचरण अब आम बात हो गई है, जिससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए पशुओं को बचाने के प्रयास में स्वयं हादसे का शिकार हो जाते हैं।
राजस्थान गौ पुत्र सेना के प्रदेश प्रभारी दिनेश मेवाड़ा ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाईवे पर आवारा गौवंश की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से मांग की कि गौवंश के संरक्षण एवं सुरक्षित प्रबंधन के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि न केवल गौवंश की अकाल मृत्यु रोकी जा सके, बल्कि आमजन के जीवन की भी रक्षा हो सके।
इस मौके राजस्थान गौ पुत्र सेना जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि मेवाड़ा, जयदेव मेवाड़ा, श्रवण मेवाड़ा व शुभ्रा आदि भी मौजूद रहे। सभी ने भी प्रशासन से मांग की है कि नेशनल हाईवे पर विचरण कर रहे गौवंश को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे आगे भी लगातार होते रहेंगे।









