सोजत उपखंड कार्यालय का संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की
सोजत। जोधपुर संभाग के संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने सोमवार को सोजत उपखंड कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश व तहसीलदार कूपसिंह पंवार सहित अधिकारी उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त ने कार्यालयी अभिलेखों, राजस्व प्रकरणों तथा प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान स्वामी ने उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश की कार्यशैली पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यालय की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई, राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण तथा आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की सफलता जनविश्वास, संवेदनशीलता और जवाबदेही में निहित है। प्रत्येक अधिकारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करे, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। निरीक्षण के अंत में संभागीय आयुक्त ने प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।









