बगड़ी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21.67 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
सोजत ।
पाली जिले के बगड़ी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 21.67 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान महावीर (34) पुत्र धर्मीचंद निवासी बगड़ी नगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21.67 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। साथ ही डोडा पोस्त को पीसकर बिक्री के लिए तैयार करने में प्रयुक्त एक मिक्सर, पांच जार तथा 23 पॉलीथिन पैकेट भी जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी व वृत्ताधिकारी सोजत रतनाराम देवासी के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी बगड़ी नगर प्रहलाद सिंह, के नेतृत्व में गठित टीम कांस्टेबल नाथ राम, मुकेश कुमार, कानाराम, देवीलाल, गोविंद, शांति देवी द्वारा की गयी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।









