सोजत में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सोजत। राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी सोमवार को पाली जिले के प्रवास के दौरान सोजत पहुंचीं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह में सहभागिता निभाने के बाद सोजत नगर पालिका सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तार से आकलन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित कार्यों में गति लाने, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी, सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर जिला एवं उपखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और विभागीय प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
सोजत आगमन पर उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी का पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। उनके दौरे को लेकर जिला एवं स्थानीय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की गई थीं।
निर्धारित कार्यक्रमों एवं समीक्षा बैठक के उपरांत उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी दोपहर में जयपुर के लिए प्रस्थान कर गईं। उनका यह दौरा क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









