सोजत उप कारागृह का न्यायिक अधिकारी ने किया आकस्मिक निरीक्षण
सोजत।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति, सोजत की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती रेखा रानी ने उप कारागृह सोजत का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप कारागृह में कुल 56 बंदी निरुद्ध पाए गए, जिनमें सभी विचाराधीन बंदी शामिल हैं। न्यायिक अधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल, स्नान एवं धुलाई के लिए स्वच्छ पानी की उपलब्धता, व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री, कपड़े धोने की व्यवस्था, रसोई, बैरकों तथा शौचालयों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भी बंदी अधिवक्ता के अभाव में जेल में निरुद्ध न रहे। इस अवसर पर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र बंदी आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा समिति से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त जिन बंदियों की जमानत स्वीकृत होने के बावजूद वे उप कारागृह में निरुद्ध हैं, उनके संबंध में जानकारी ली गई। बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया। नवागंतुक बंदियों से अलग से बातचीत कर अपराध के समय उनकी आयु संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा मेडिकल इमरजेंसी से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान उप कारागृह सोजत के जेल इंचार्ज रणजीत सिंह, इंद्रा तथा न्यायालय कर्मचारी दुलीचंद कुमावत, सांवल प्रभात व्यास सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा।







