सोजत 15 मिनट की बरसात से हुआ तरबतर, मौसम हुआ खुशनुमा

सोजत।
शुक्रवार दोपहर इंद्रदेव की मेहरबानी से सोजत नगर में करीब 15 मिनट तक अच्छी वर्षा हुई। अल्प समय की इस बारिश ने उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत प्रदान की। मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर में लगभग 8 एमएम वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद सड़कों और गलियों में पानी बहता नजर आया, वहीं पेड़-पौधे धुलकर और अधिक हरे-भरे दिखाई दिए। किसानों ने भी इस वर्षा को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
पिछले दिनों तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने दो-तीन दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश के बाद राहत की सांस ली। बच्चों और युवाओं ने भी मौसम का आनंद लिया। मौसम में आई इस ताजगी से पूरे नगर का वातावरण आनंदमय हो गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे कृषि कार्यों को गति मिलेगी और जल स्रोतों में भी बढ़ोतरी होगी।








