NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर NSUI का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर NSUI का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

सोजत।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक प्रकरण के विरोध में शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नेतृत्व में सोजत शहर में विशाल मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की।

मशाल जुलूस का शुभारंभ काला गोरा भैरूजी मंदिर परिसर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय के बाहर पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती मशालें लेकर शामिल हुए और परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन में NSUI पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला, NSUI जिलाध्यक्ष राजेंद्र जाखोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष गणपत पटेल, नगर अध्यक्ष राहुल राठौड़, ब्लॉक अध्यक्ष भागीरथ पुनुसा, जिला उपाध्यक्ष मनीष टाक, साहिल घोषी, जिला सचिव राकेश तंवर, कांग्रेस नेता महेंद्र पालड़िया, सेवादल अध्यक्ष असलम मेहर सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रदर्शन को समर्थन दिया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें