
ग्रामीणजन सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं – शोभा चौहान
सोजत।
समीपस्थ ग्राम केलवाद में विकसित भारत जी-राम जी योजना के शुभारंभ अवसर पर ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया तथा रोजगार गारंटी के तहत कार्य दिवस 100 से बढ़ाकर 125 किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, आधारभूत ढांचे का विकास, आजीविका संवर्धन, आपदा तैयारी तथा मौसम परिवर्तन से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने समयबद्ध भुगतान व्यवस्था को भी योजना की महत्वपूर्ण विशेषता बताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल सैणचा, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनजीत सिंह, भंवरलाल सैनी, नारायण फौजी, सहायक अभियंता नेमाराम सीरवी, अतिरिक्त विकास अधिकारी महिपाल सिंह लखावत, ग्राम विकास अधिकारी विवेक सिंह जेतावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आरंभ में अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके विधायक श्रीमती शोभा चौहान एवं उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने पौधरोपण भी किया। अंत में विकास अधिकारी सुरेश कविया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में अतिथियों सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने आंध्रप्रदेश से प्रसारित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।









