सड़क निर्माण में देरी से व्यापारियों में रोष, सोजत रोड पर कार्य धीमा होने से कारोबार प्रभावित
सोजत रोड।
फुलाद रोड पर पिछले करीब तीन महीनों से कछुआ गति से चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य ने अब स्थानीय व्यापारियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। सड़क निर्माण अधूरा रहने से पूरा क्षेत्र धूल के गुबार और लगातार लगने वाले जाम की समस्या से जूझ रहा है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण दुकानों के सामने वाहनों के खड़े होने की जगह समाप्त हो गई है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है और व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि दिनभर उड़ती धूल से न केवल उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुकानों में रखा सामान भी खराब हो रहा है। धूल और मलबे के कारण ग्राहकों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा सड़क संकरी और अधूरी होने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहते हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर आज बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया। आक्रोशित व्यापारियों ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन थानाधिकारी को सौंपकर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।











