संस्कृति से संस्कार ही चरित्र निर्माण का आधार – विनोद शर्मा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संस्कृति से संस्कार ही चरित्र निर्माण का आधार – विनोद शर्मा

सोजत। भारतीय संस्कृति की समझ, महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा और शिक्षा को आचरण में उतारने के संदेश के साथ स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में ‘संस्कृति से संस्कार’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांस्कृतिक चेतना मंच, पाली के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संस्कृति ज्ञान प्रश्नोत्तरी में भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांस्कृतिक चेतना मंच, पाली के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा रहे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य स्वरूपसिंह उदावत ने की। सेवानिवृत्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार लखावत एवं साहित्यकार नवनीत राय ‘रुचिर’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्य अतिथि शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति को आत्मसात करने से जीवन को सार्थक दिशा मिलती है। उन्होंने ‘भारतीय संस्कृति को जानो’ के अंतर्गत सनातन वैदिक धर्म एवं संस्कृति से जुड़े सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों के उत्तरों की भारतीय दर्शन के संदर्भ में व्याख्या करते हुए उन्होंने विषयों की गहराई समझाई। श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के माध्यम से सद्चरित्र निर्माण पर बल देते हुए शर्मा ने कहा कि स्वयं को जानने से पहले भारत के पौराणिक मूल्यों को समझना आवश्यक है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य स्वरूपसिंह उदावत ने विद्यार्थी जीवन में चरित्र निर्माण की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि बसंत कुमार लखावत ने कहा कि शिक्षा की सार्थकता तभी है, जब वह जीवन और व्यवहार में उतरती है। अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए संस्कारवान बनना आवश्यक है।

साहित्यकार नवनीत राय ‘रुचिर’ ने विद्यार्थियों को भारतीय महापुरुषों की जीवनियां पढ़ने और उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी कविता की पंक्तियां  “हमको बढ़ते रहना है जीवन पथ पर आगे, रुकता वही जो संकट में दुश्मन से डर भागे” सुनाकर कठिन परिस्थितियों में साहस के साथ आगे बढ़ने और संस्कारवान जीवन जीने का आह्वान किया।

संस्कृति ज्ञान प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पीएम श्री विद्यालय की छात्रा खुशी को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। श्रेष्ठ उत्तर देने वाले कुलदीप जांगिड़, अर्चना, तरुण परिहार, हार्दिक, राजवीर एवं पूजा को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में गर्ल्स स्कूल से शिवानी जोशी व तरुण जोशी तथा बिलाड़िया गेट स्कूल की शिक्षिका संतोष बाई मीणा ने भी सहभागिता निभाई। शिक्षाविद् राकेश कश्यप एवं प्राध्यापक पप्पूराम ने कार्यक्रम का सरस संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *