सोजत में फोटोग्राफर्स की कार्यशाला आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में फोटोग्राफर्स की कार्यशाला आयोजित

आधुनिक फोटोग्राफी की बारीकियों से रूबरू हुए फोटोग्राफर

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। बदलती फोटोग्राफी तकनीक और आधुनिक उपकरणों के उपयोग की जानकारी देने के लिए कैनन कैमरा कंपनी ने सोजत फोटोग्राफर संघ के सहयोग से स्थानीय होटल अमित इन में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें फोटोग्राफरों को नए कैमरा मॉडलों, आधुनिक लेंसों तथा फोटो एवं वीडियो की गुणवत्ता बेहतर बनाने वाली तकनीकी विशेषताओं से अवगत कराया गया।

कार्यशाला में कैनन के कैमरा टेक्नीशियन स्पेशलिस्ट गजेंद्र सिंह बोरा ने विभिन्न उपकरणों की विशेषताओं और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने विवाह समारोहों की पारंपरिक फोटोग्राफी, सिनेमैटिक शूटिंग, प्री-वेडिंग शूट तथा व्यावसायिक वीडियो निर्माण में कैनन के कैमरों और लेंसों की उपयोगिता पर जानकारी दी। अलग-अलग प्रकार की शूटिंग में उपकरणों की तकनीकी क्षमताओं का बेहतर उपयोग किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी चर्चा हुई।

बोरा ने कंपनी की आर-वी सीरीज के कैमरों के आधुनिक फीचर्स की जानकारी देते हुए बताया कि ये फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों को बेहतर गुणवत्ता के परिणाम प्राप्त करने में मददगार हैं। इस दौरान प्रतिभागियों ने कैमरों एवं लेंसों से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनके उत्तर देकर जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया।

आयोजन में सोजत फोटोग्राफर संघ के संरक्षक राकेश भटनागर, वरिष्ठ फोटोग्राफर चेतननाथ (सोजत रोड), संघ अध्यक्ष राजूदास वैष्णव तथा राकेश कच्छवाह (पाली) का विशेष सहयोग रहा। कार्यशाला में संघ के सदस्य भरत जांगिड़, दिनेश माली, ताराचंद, मनोहर भाटी, नेमीचंद, मोतीलाल पवार, अकरम खान, सनवर खोखर, भूपेंद्र वैष्णव, गजेंद्र सेन, पुरुषोत्तम पारीक एवं भारत कुमार (सोजत रोड) सहित अनेक फोटोग्राफरों ने भाग लिया। आयोजन ने क्षेत्र के फोटोग्राफरों को नई तकनीक समझने और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी तकनीकी जानकारी बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *