रवींद्र सिंह भाटी को सुनने रात एक बजे तक जमी रही भीड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रवींद्र सिंह भाटी को सुनने रात एक बजे तक जमी रही भीड़

ईडब्ल्यूएस की विसंगतियां दूर कर सरलीकरण कराने के लिए एकजुट होने का आह्वान

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए ईडब्ल्यूएस आरक्षण की विसंगतियां दूर करने और प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग को लेकर शिव विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने सोजत में जनसभा को संबोधित किया। निर्धारित समय से करीब पांच घंटे विलंब से पहुंचने के बावजूद उन्हें सुनने के लिए रात एक बजे तक बड़ी संख्या में लोग राजपूत छात्रावास परिसर में जमे रहे।

भाटी देर रात करीब साढ़े बारह बजे लगभग 50 कारों के काफिले के साथ सोजत पहुंचे। महावीर सर्किल पर दो जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। लोगों ने ‘भाटी-भाटी’ और ‘रवींद्र भाटी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। भाटी ने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वाहन रैली काका चौराहा और मरुधर केसरी रोड होते हुए नींबली नाड़ी स्थित राजपूत छात्रावास पहुंची, जहां जनसभा हुई। भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने महावीर सर्किल पर यातायात पहले ही डायवर्ट कर दिया था।

रात करीब एक बजे सभा को संबोधित करते हुए भाटी ने कहा कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उद्देश्य सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अवसर देना है, लेकिन इसकी विसंगतियों के कारण उच्च योग्यता रखने वाले अनेक युवा भी नौकरियों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने महाराणा प्रताप और दुर्गादास राठौड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर ईडब्ल्यूएस के सरलीकरण की मांग सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाटी के संबोधन से पहले योगेंद्र सिंह कोलीवाड़ा, गोविन्द नारायण सिंह सिसरवादा, अर्जुन सिंह शिवपुरा, गजेंद्र सिंह सारंगवास, ओम सिंह खारिया सोढ़ा, भगवत सिंह बगड़ी, बहादुर सिंह सारंगवास, नरपत सिंह बाली, खीव सिंह ढूँढा, विक्रम सिंह सायला, मूल सिंह सांडिया और मदन सिंह संडारडा ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में प्रवीण सिंह गुंडारामसिंह, महिपाल सिंह गुड़ा श्यामा, विजयप्रताप सिंह रायरा, मानवेंद्रसिंह खोखरा, ईश्वर सिंह बुटेलाव, भवानी सिंह भैंसाणा, महेंद्र सिंह जोधा रामासनी बाला, जितेंद्र सिंह बुटेलाव, विशन सिंह झुपेलाव, खुशवीर सिंह बागौल, विशन सिंह भाटी मेव, आदि का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी समदर सिंह बाँता ने किया। उन्होंने सभा शुरू होने से पहले अपने जोशीले संबोधन से उपस्थित लोगों को जोड़े रखा।

भाटी का सोजत पहुंचने का पूर्व निर्धारित समय शाम आठ बजे था। उनके आगमन की सूचना पर सोजत और आसपास के गांवों से लोग निजी वाहनों में महावीर सर्किल तथा राजपूत छात्रावास पहुंचने लगे थे। महावीर सर्किल पर स्वागत की तैयारियों के बीच कुछ युवा पुष्पवर्षा के लिए जेसीबी पर चढ़े हुए थे। छात्रावास में भी विभिन्न आयु वर्ग के लोग देर रात तक सभा में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *