सोजत रोड। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत सोजत रोड में जनसेवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों, किसानों और आमजन की समस्याएं सुनीं तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की।
कैंप में तहसीलदार कुप सिंह ने उपस्थित किसानों एवं लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पात्र लोगों के प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में भाजपा बगडी मंडल महामंत्री जय नारायण गहलोत एवं नगर पालिका पार्षद निर्मल सोनी , ईश्वर व्यास , इंद्रा देवी , सुमित्रा देवी , लक्ष्मी देवी आदि ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दी !
जनसेवा कैंप के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक आशा टाक, पशुपालन विभाग से डॉ. गोपी राम कुमावत, पशुधन निरीक्षक संगीता बोराणा, कृषि विपणन विभाग के जिला रिसोर्स नरेश वैष्णव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कैंप में खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा, जल, पशुपालन, समाज कल्याण, चिकित्सा, कृषि एवं राजस्व सहित विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को संबंधित सरकारी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।
कैंप में पहुंचे किसानों और लाभार्थियों की समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा गया तथा पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की गई। वहीं कई लोगों को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
जनसेवा कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधे संपर्क कर अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं बताईं और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।









