अटकलों का पटाक्षेप, सोजत में अध्यक्ष पद की दौड़ में उतरे तीन चेहरे
भाजपा से कीर्ति तंवर, कांग्रेस से बालमुकुंद गहलोत ने भरे पर्चे; कांग्रेस पार्षद ऐश्वर्या सांखला ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया


बहुमत का गणित कीर्ति तंवर के पक्ष में
रिपोर्टर- नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। नगरपालिका के चालीस वार्डों का जनादेश सामने आने के बाद अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच बुधवार को दावेदारों की तस्वीर स्पष्ट हो गई। पिछले दो दिनों से भाजपा उम्मीदवार के नाम को लेकर चल रही अटकलों और राजनीतिक कवायदों पर कीर्ति तंवर के नाम की घोषणा के साथ विराम लगा। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से कीर्ति तंवर, कांग्रेस की ओर से बालमुकुंद गहलोत तथा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ऐश्वर्या सांखला ने निर्धारित समयावधि में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
बुधवार प्रातः भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड संख्या 34 की निर्वाचित पार्षद कीर्ति तंवर को अध्यक्ष पद का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया। घोषणा होते ही पार्टी के भीतर चल रही विभिन्न कवायदें थम गईं और वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक की उपस्थिति उनके समर्थन में दिखाई दी। दूसरी ओर कांग्रेस ने एक राय होकर वार्ड संख्या 32 के पार्षद बालमुकुंद गहलोत को अध्यक्ष पद का दावेदार बनाया। इसी बीच वार्ड संख्या 33 से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित पार्षद ऐश्वर्या सांखला ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय नामांकन दाखिल कर चुनावी दौड़ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बहुमत का गणित कीर्ति तंवर के पक्ष में
चालीस वार्डों वाली सोजत नगरपालिका में भाजपा के 24, कांग्रेस के 10 तथा निर्दलीय छह पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इस तरह भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। संख्याबल का पलड़ा भाजपा के पक्ष में होने से उसके अधिकृत उम्मीदवार कीर्ति तंवर का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। हालांकि अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की औपचारिक मुहर 21 सितंबर को मतदान और मतगणना के बाद ही लगेगी।
कीर्ति तंवर के नामांकन के दौरान भाजपा के कद्दावर नेताओं की मौजूदगी ने सियासी सरगर्मी को और बढ़ा दिया। पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, विधायक श्रीमती शोभा चौहान, चुनाव प्रभारी अर्जुन राम पुरोहित एवं भंवरलाल सेणचा, कोर कमेटी के आनंद भाटी सहित नवनिर्वाचित पार्षद और बड़ी संख्या में वरिष्ठ व युवा कार्यकर्ता उनके समर्थन में उपस्थित रहे। कांग्रेस उम्मीदवार बालमुकुंद गहलोत तथा निर्दलीय उम्मीदवार ऐश्वर्या सांखला के साथ भी अलग-अलग समूहों में नवनिर्वाचित पार्षदों एवं स्थानीय नेताओं ने पहुंचकर समर्थन जताया। नामांकन के दौरान नगरपालिका परिसर एवं आसपास पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
17 को जांच, 18 को नाम वापसी और 21 को मतदान
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार कूपसिंह पंवार के अनुसार गुरुवार, 17 सितंबर को प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। शुक्रवार, 18 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। ऐसे में जांच और नाम वापसी के बाद ही मुकाबले का अंतिम स्वरूप सामने आएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार, 21 सितंबर को प्रातः दस बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किया जाएगा। अध्यक्ष के निर्वाचन में नगरपालिका के सभी चालीस नवनिर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्डों में मतदाताओं का विश्वास अर्जित कर पालिका पहुंचे इन जनप्रतिनिधियों के मत अब नगर के नेतृत्व की दिशा तय करेंगे।
इस चुनाव का एक उल्लेखनीय पहलू यह भी रहा कि अध्यक्ष पद अनारक्षित होने के बावजूद बुधवार को सामान्य वर्ग के किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन प्रस्तुत करने वाले तीनों दावेदार अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं। अब शहर की निगाहें आगामी चुनाव प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिसके साथ सोजत नगरपालिका के नए नेतृत्व की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।











