गणपति बप्पा मोरिया की गूंज से आज भक्तिमय होगा सोजत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणपति बप्पा मोरिया की गूंज से आज भक्तिमय होगा सोजत

मंदिरों और घरों में विराजेंगे विघ्नहर्ता, बाजार में सजीं छोटी-बड़ी प्रतिमाएं

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर रविवार से शहर में गणेशोत्सव का उल्लास छा जाएगा। विभिन्न मंदिरों एवं श्रद्धालुओं के घरों में विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही शहर की गलियां और मोहल्ले ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयघोष से गुंजायमान होने लगेंगे।

गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर में दो-तीन स्थानों पर भगवान गणेश की छोटी-बड़ी आकर्षक प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं, जहां श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार प्रतिमाओं का चयन करते नजर आ रहे हैं। कोई घर में विराजमान करने के लिए छोटी प्रतिमा पसंद कर रहा है तो कोई सामूहिक आयोजन के लिए बड़ी और मनमोहक प्रतिमा खरीद रहा है।

श्रद्धालुओं द्वारा घरों और पूजा स्थलों की साफ-सफाई तथा सजावट की तैयारियां भी की जा रही हैं। रविवार को शुभ मुहूर्त में मंगलकर्ता एवं विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी। भक्त सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

गणेश चतुर्थी के आगमन के साथ ही शहर का धार्मिक वातावरण भक्तिमय होने लगा है। प्रतिमा विक्रेताओं के यहां भी खरीदारों की आवाजाही बढ़ी है। श्रद्धालुओं का उत्साह बता रहा है कि इस बार भी सोजत में गणेशोत्सव आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *