भजनों से गूंजा रामासनी बाला, बाबा रामदेवजी के मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भजनों से गूंजा रामासनी बाला, बाबा रामदेवजी के मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब

विशाल भजन संध्या में ठसाठस भरा रहा पंडाल, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

 

सोजत। रामासनी बाला स्थित लोकदेवता बाबा रामदेवजी (डोलिया नाडा) के पावन मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भव्यतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शनिवार रात्रि आयोजित विशाल भजन संध्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा पंडाल लोगों से ठसाठस भर गया। वहीं रविवार को भरे भव्य मेले में रामासनी बाला सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा रामदेवजी के दर्शन करने पहुंचे। दो दिनों तक सम्पूर्ण क्षेत्र बाबा की भक्ति और जयकारों से गुंजायमान रहा।

शनिवार रात्रि नौ बजे प्रारम्भ हुई विशाल भजन संध्या में मानकपुर, नागौर के प्रसिद्ध भजन गायक महावीर सांखला ने अपनी सुमधुर वाणी में लोकदेवता बाबा रामदेवजी की महिमा से ओतप्रोत एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण निर्मित किया कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। बाबा के जयकारों और मधुर भजनों से समूचा मंदिर परिसर गूंज उठा। कई प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते हुए बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते रहे।

भजन संध्या के दौरान पंडाल पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लेकर भजनों का आनंद लिया। मंच संचालन पाली के प्रमोद परिहार ने प्रभावशाली ढंग से किया। सुसज्जित मंच, मधुर भजन और भक्तों की अपार उपस्थिति ने इस धार्मिक संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।

दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन रविवार को बाबा रामदेवजी के दरबार में भव्य मेला भरा। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया और दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। आसपास के गांवों से परिवार सहित पहुंचे लोगों ने बाबा के दर्शन कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा बाबा रामदेवजी के जयकारे गूंजते रहे।

मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षक ढंग से सजाई गईं। महिलाओं और बच्चों ने घरेलू उपयोग की वस्तुओं, खिलौनों तथा अन्य सामान की खरीदारी की। ग्रामीणों ने परिवार के साथ मेले में घूमकर इसका भरपूर लुत्फ उठाया। मेले की चहल-पहल और श्रद्धालुओं के उत्साह से रामासनी बाला का वातावरण उल्लासमय बना रहा। ग्रामीण संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम मेले में देखने को मिला।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद की व्यवस्था की गई। बाबा के दर्शन के बाद भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में बाबा रामदेवजी (डोलिया नाडा) युवा संगठन मित्र मंडल, रामासनी बाला के सदस्यों तथा स्थानीय धर्मप्रेमी नागरिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *