आज खुलेगा जनादेश का पिटारा, 132 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आज खुलेगा जनादेश का पिटारा, 132 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना, स्ट्रांग रूम पर कड़ा सुरक्षा पहरा

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

सोजत। नगरपालिका आम चुनाव-2026 के परिणाम को लेकर चल रहा इंतजार सोमवार को समाप्त हो जाएगा। शहर के सभी 40 वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे 132 पार्षद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के साथ सामने आएगा। चुनाव परिणाम की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

निर्वाचन रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश के अनुसार मतगणना सोमवार प्रातः 8 बजे स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रारंभ होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें विद्यालय परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। स्ट्रांग रूम पर चौबीसों घंटे सुरक्षा पहरा है। मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। अधिकृत व्यक्तियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्हें मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, निर्धारित दायित्वों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई है। वहीं, प्रत्याशियों की ओर से मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने वाले अभिकर्ताओं की नियुक्ति संबंधी कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

नगरपालिका के 40 वार्डों में भाजपा के 40, कांग्रेस के 38 और 54 निर्दलीय प्रत्याशियों सहित कुल 132 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदाताओं का फैसला ईवीएम में सुरक्षित है और अब सोमवार को स्पष्ट होगा कि किस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा सजेगा तथा सोजत नगरपालिका की नई तस्वीर कैसी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *