महावीर मूक-बधिर विद्यालय के नौ विद्यार्थी वायरल बुखार से अस्वस्थ
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। सिरियारी स्थित महावीर मूक-बधिर विद्यालय के नौ विद्यार्थियों की तबीयत वायरल बुखार के कारण बिगड़ने पर गुरुवार को उन्हें उपचार के लिए सोजत के जिला राजकीय चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सालय में डॉ. भवानी सिंह ने सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया।
विद्यार्थियों के साथ आए शिक्षक सुरेश मेवाड़ा ने बताया कि विद्यालय के नौ बच्चों में वायरल बुखार के लक्षण दिखाई देने पर उन्हें तत्काल चिकित्सालय लाकर जांच करवाई गई। उपचार के बाद सभी विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य बताई गई। इस दौरान विद्यालय के चौकीदार किशोर कुमार रावल भी उनके साथ उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सिरियारी स्थित महावीर मूक-बधिर विद्यालय में वर्तमान में लगभग 50 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय प्रशासन द्वारा अन्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी निगरानी रखी जा रही है।









