सोजत निकाय चुनाव से पूर्व भाजपा ने बढ़ाया कुनबा, बड़ी संख्या में मुस्लिम युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत निकाय चुनाव से पूर्व भाजपा ने बढ़ाया कुनबा, बड़ी संख्या में मुस्लिम युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

सोजत। नगरपालिका आम चुनाव से पूर्व शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक कुनबे को और विस्तार दिया है। बुधवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम युवाओं ने एक साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच हुए इस सदस्यता कार्यक्रम को स्थानीय राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक शोभा चौहान, प्रदेश ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर एवं भाजपा नेता जुगलकिशोर निकुम ने पार्टी में शामिल हुए मुस्लिम युवाओं को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें पार्टी की रीति-नीति एवं संगठनात्मक विचारधारा से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की भावना से कार्य करने में विश्वास रखती है। पार्टी में शामिल हुए युवाओं से आगामी निकाय चुनाव सहित संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपेक्षा जताई गई। वहीं बड़ी संख्या में मुस्लिम युवाओं के एक साथ भाजपा से जुड़ने से चुनावी माहौल के बीच शहर की राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है।

भाजपा मंडल महामंत्री एडवोकेट हीरालाल कांठेर के अनुसार इस मौके भाजपा के जिला व मंडल स्तर पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा पहले से ही वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क बढ़ाने में जुटी हुई है। ऐसे में मतदान से पूर्व हुए इस सदस्यता कार्यक्रम को पार्टी के जनाधार विस्तार की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें