आधी रात जरूरतमंद के लिए बने जीवनदाता, दो रक्तवीरों ने किया रक्तदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आधी रात जरूरतमंद के लिए बने जीवनदाता, दो रक्तवीरों ने किया रक्तदान

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। रक्तदान को यूं ही महादान नहीं कहा जाता। संकट की घड़ी में किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए दिया गया रक्त मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। ऐसी ही सेवा भावना का परिचय गौपुत्र सेना सोजत सिटी के कार्यकर्ताओं एवं रक्तवीरों ने देते हुए बगड़ी के राजकीय अस्पताल में भर्ती एक महिला के लिए देर रात दो यूनिट बी पॉजिटिव रक्त की व्यवस्था कर उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग किया।

गौपुत्र सेना के अनुसार बगड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती महिला को आपातकालीन स्थिति में तत्काल दो यूनिट बी पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही गौपुत्र सेना के प्रदेश प्रभारी राजस्थान गौपुत्र दिनेश कुमार मेवाड़ा ने कार्यकर्ताओं के साथ रक्त की व्यवस्था के प्रयास शुरू किए। इस दौरान रक्तवीर गौपुत्र मोहित मेवाड़ा एवं दिनेश रावत से फोन पर संपर्क कर आवश्यकता की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही दोनों रक्तवीर बिना समय गंवाए सोजत ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान कर जरूरतमंद महिला के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया। समय पर रक्त मिलने से महिला के उपचार में सहायता मिली।

इस मानव सेवा कार्य में गौपुत्र सेना राजस्थान के प्रदेश प्रभारी दिनेश कुमार मेवाड़ा, सोजत तहसील उपाध्यक्ष हितेश गहलोत तथा रक्तवीर मोहित मेवाड़ा एवं दिनेश रावत का सहयोग रहा। वहीं सोजत ब्लड बैंक ने भी रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया। गौपुत्र सेना सोजत सिटी ने रक्तवीरों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए आमजन और युवाओं से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान में आगे आने की अपील की। संगठन ने संदेश दिया कि “एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है, इसलिए स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर मानव सेवा में सहभागी बनें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें