👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलाखों के बीच सजा भाई-बहन के स्नेह का पर्व, दिव्यांग बहनों ने 60 बंदियों को बांधी राखी

सक्षम दिव्यांग सेवा केंद्र की पहल, बंदियों को दिया अपराध से दूर रहकर सेवाभावी जीवन जीने का संदेश

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’

सोजत। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को सोजत उप कारागृह में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता की भावनाएं जीवंत हो उठीं। सक्षम दिव्यांग सेवा केंद्र सोजत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बहनों ने उप कारागृह के करीब 60 बंदियों की कलाई पर राखी बांधी और मुंह मीठा करवाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

इस अवसर पर सक्षम जिलाध्यक्ष मनोहर जोशी ने बंदियों से संवाद करते हुए कहा कि सजा पूरी होने के बाद वे गलत एवं आपराधिक प्रवृत्तियों से स्वयं को दूर रखते हुए स्वस्थ, ईमानदार, शांतिपूर्ण और सेवाभावी जीवन की नई शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि व्यक्ति सकारात्मक सोच और अच्छे कर्मों के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। जिला सचिव पंकज कुमार सैन ने सक्षम दिव्यांग सेवा केंद्र के उद्देश्यों एवं सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में जेल प्रभारी धर्मपाल डूडी, रणजीतसिंह, मनमोहन, प्राणदा प्रमुख रवि मेवाड़ा, केंद्र संचालक तरुण, सक्षम महिला सदस्य गुड़िया मेवाड़ा, पिस्ता पंवार, इंद्रा देवी, यशोदा, सुरजा, नारायणलाल, भरत प्रजापत एवं सीमा चारण सहित अन्य उपस्थित रहे। राखी के इस आत्मीय आयोजन ने कारागृह की दीवारों के भीतर भी अपनत्व, सुधार और नई शुरुआत का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें