युवा शक्ति भाजपा के साथ, सोजत निकाय चुनाव में निभाएगी प्रभावी भूमिका : शंकर गौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवा शक्ति भाजपा के साथ, सोजत निकाय चुनाव में निभाएगी प्रभावी भूमिका : शंकर गौरा

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने मीडियाकर्मी चेतन व्यास से बातचीत में जंतर-मंतर प्रदर्शन, शिक्षा और युवाओं के मुद्दों पर रखी बात

सोजत। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ में अराजकता फैलाने और अस्थिरता पैदा करने के प्रयासों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।

सोजत प्रवास के दौरान वरिष्ठ पत्रकार चेतन व्यास को दिए साक्षात्कार में गौरा ने जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्वों ने इसे अराजकता की ओर ले जाकर अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया। गौरा ने इसे एक षड्यंत्र का हिस्सा बताते हुए दावा किया कि इसकी पृष्ठभूमि नेपाल में अस्थिरता के समय से बनने लगी थी और राहुल गांधी सहित कुछ विपक्षी नेताओं ने इसे हवा देने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हुए।

राजस्थान में स्कूलों को लेकर सीजेपी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन संबंधी सवाल पर गौरा ने कहा कि कुछ ताकतें प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन राजस्थान की जनता समझदार और जागरूक है तथा ऐसे प्रयासों को समर्थन नहीं देगी।

प्रदेश में आगामी चुनावों में ‘जेन-जी’ की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर कार्य कर रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण सुधार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा पीढ़ी भाजपा की नीतियों और विकास की सोच के साथ खड़ी रहेगी।

सोजत नगर पालिका चुनाव में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण

सोजत नगर पालिका चुनाव को लेकर युवाओं की भूमिका के सवाल पर गौरा ने कहा कि युवा कार्यकर्ता अनुभवी नेतृत्व के मार्गदर्शन में चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे और सोजत विधायक शोभा चौहान का मार्गदर्शन युवा कार्यकर्ताओं के लिए संबल बनेगा। संगठन युवा शक्ति और वरिष्ठ नेतृत्व के अनुभव के समन्वय के साथ चुनावी मैदान में सक्रियता से कार्य करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें