सोजत नगरपालिका चुनाव: नामांकन का आगाज, पहले दिन मात्र 3 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। नगरपालिका आम चुनाव 2026 की रणभेरी बजने के साथ ही शहर में चुनावी सरगर्मियां अब नामांकन के दौर में प्रवेश कर गई हैं। गुरुवार से वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने उपखंड मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचन रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल करना शुरू कर दिया। प्रथम दिवस भारतीय जनता पार्टी से 2 और इंडियन नेशनल कांग्रेस से 1 कुल 3 आवेदन प्राप्त हुए। नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों में खासा उत्साह नजर नहीं आया।
नामांकन प्रक्रिया के चलते गुरुवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर दिनभर विशेष कोई चुनावी चहल-पहल नजर नहीं आई। मात्र 3 प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों एवं समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। प्रशासन की ओर से कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एसडीएम कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निर्वाचन रिटर्निंग अधिकारी रवि प्रकाश के अनुसार वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार, 27 अगस्त से प्रारंभ हुई है और यह सोमवार, 31 अगस्त तक चलेगी। नाम निर्देशन आवेदन पत्र प्रातः 10.30 से 3 बजे तक जमा किये जाएंगे। इस अवधि के दौरान 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर तक की जाएगी। प्रत्याशी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे, जबकि 4 सितंबर तक चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। सोजत में प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना के साथ चुनावी नतीजों की तस्वीर साफ होगी।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही सोजत के सभी 40 वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदाताओं से संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में नामांकन की रफ्तार बढ़ने के साथ ही नगरपालिका चुनाव का राजनीतिक रंग और गहराने की संभावना है।









