धीनावास में बाबा रामदेवजी के 26वें मेले का भव्य आगाज, भजनों से गूंजा मंदिर परिसर

ध्वजारोहण के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने लिया भक्ति आयोजनों का आनंद

सोजत। धीनावास स्थित श्री बाबा रामदेवजी मंदिर में शनिवार को 26वें दो दिवसीय भव्य मेले का श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में शुभारंभ हुआ। बाबा के जयकारों और भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मेले में धीनावास सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा रामदेवजी के दर्शन किए और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
धीनावास के पूर्व सरपंच परमेश्वर खत्री ने बताया कि उप जिला कलक्टर रवि प्रकाश द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर ध्वजारोहण के साथ मेले के धार्मिक कार्यक्रमों का आगाज हुआ। इसके बाद भजन कलाकार संदीप संजू, कविता पंवार एंड पार्टी ने बाबा रामदेवजी की महिमा पर आधारित भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रात्रि 9 बजे बाबा रामदेवजी के ब्यावला का आयोजन रखा गया, जिसमें नेमाराम पाचूंडा एंड पार्टी ने भक्ति प्रस्तुतियां दीं।
मेले के दूसरे दिन रविवार, 23 अगस्त को प्रातः 9.15 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें भजन सम्राट गजेन्द्र राव एंड पार्टी, जोधपुर तथा मनोज रिया एंड पार्टी, दिल्ली बाबा रामदेवजी की महिमा का गुणगान करेंगे। मंच संचालन राजू पंडित करेंगे।
दो दिवसीय धार्मिक आयोजन बाबा रामदेवजी मंदिर एवं श्री ब्रह्म क्षत्रिय स्वामी अकेलानन्द सरस्वती समाधि स्थल परिसर में हो रहे हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से रविवार को होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।









