सोजत वार्ड 21 में जगह-जगह खोदे गड्ढे बने परेशानी का सबब
सोजत। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में निर्माण कार्य के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढे मोहल्लेवासियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान अभिभावकों को उनकी सुरक्षा की चिंता सताती रहती है, वहीं बुजुर्ग महिला-पुरुषों के लिए भी घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश एवं नगरपालिका अधिशासी अधिकारी राघव सिंह मीणा से संबंधित ठेकेदार को तत्काल अधूरा कार्य पूरा करने के निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया अथवा निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।









