आबू पर्वत के आर्य गुरुकुल महाविद्यालय में होगा वैदिक आयोजन नव प्रवेशित ब्रह्मचारियों का उपनयन एवं वेदारंभ संस्कार 23 अगस्त को

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आबू पर्वत के आर्य गुरुकुल महाविद्यालय में होगा वैदिक आयोजन

नव प्रवेशित ब्रह्मचारियों का उपनयन एवं वेदारंभ संस्कार 23 अगस्त को

🖋️ नवनीत राय ‘रुचिर’ 

सोजत। वैदिक शिक्षा एवं संस्कारों की महान परंपरा के अनुप्रेरक केंद्र आर्य गुरुकुल महाविद्यालय, आबू पर्वत, देलवाड़ा में नव प्रवेशित ब्रह्मचारियों का उपनयन संस्कार एवं वेदारंभ संस्कार रविवार, 23 अगस्त को श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक गुरुकुल की पावन यज्ञशाला में होगा।

सोजत आर्य समाज से जुड़ीं योग शिक्षिका श्रीमती वीणा भटनागर ने बताया कि आयोजन में स्वामी विदेह योगी जी का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। मुख्य अतिथि के रूप में आर्य समाज आदर्श नगर जयपुर के कार्यकारी प्रधान एवं समाजसेवी रवि नैयर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के मंत्री जीववर्धन शास्त्री उपस्थित रहेंगे। नव ब्रह्मचारियों को उपस्थित महानुभावों का आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।

आर्य गुरुकुल महाविद्यालय के अध्यक्ष स्वामी ओमानंद सरस्वती ने सभी समाजजनों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर नव ब्रह्मचारियों को आशीर्वाद प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल वैदिक शिक्षा, संस्कार, चरित्र निर्माण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम को लेकर गुरुकुल परिवार द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।

गुरुकुल प्रबंधन के अनुसार उपनयन संस्कार व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, पवित्रता एवं विद्या-अर्जन के संकल्प का प्रतीक है। वहीं वेदारंभ संस्कार के माध्यम से ब्रह्मचारी को वेद, विद्या और वैदिक ज्ञान की ओर अग्रसर करते हुए देव, पितृ, समाज एवं राष्ट्र के प्रति उसके कर्तव्यों तथा ब्रह्मचर्य के महत्त्व का बोध कराया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें