सोजत से सौ श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर हुआ रवाना
सोजत। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में पारंपरिक बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के लिए सोजत क्षेत्र से इस वर्ष लगभग सौ श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। यात्रा को लेकर क्षेत्रभर में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। महिला, पुरुष, युवा और परिवारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा से जुड़े हैं। यह यात्रा लगभग एक सप्ताह की रहेगी।
विश्व हिंदू परिषद के सोजत जिला मंत्री मांगीलाल गहलोत व जिला सह मंत्री मानवेन्द्र भाटी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित पवित्र बाबा बूढ़ा अमरनाथ (चट्टानी) धाम की यात्रा धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक मानी जाती है। प्रतिवर्ष देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होकर बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन किए बिना अमरनाथ यात्रा पूर्ण नहीं मानी जाती। उन्होंने बताया कि आतंकवाद के दौर में यह यात्रा कुछ वर्षों तक प्रभावित रही, लेकिन वर्ष 2005 में बजरंग दल ने इसे पुनः प्रारंभ करने का संकल्प लिया। इसके बाद देशभर के श्रद्धालुओं के सहयोग से यात्रा का नियमित संचालन शुरू हुआ और तब से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं।
यात्रा से पूर्व आयोजित बैठक में सभी यात्रियों को अनुशासन, सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा यात्रा के नियमों की जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी है। आयोजकों के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह रहा है। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं परिवार इस पावन यात्रा में शामिल होकर बाबा बूढ़ा अमरनाथ, शिवखोड़ी और माता वैष्णो देवी के दर्शन करेंगे तथा राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर लौटेंगे।










