सोजत मोड़ भट्टा पर पाइप लाइन लीकेज से बना खड्डा, राहगीरों के लिए बना परेशानी का सबब, बारिश में होते बुरे हाल रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत मोड़ भट्टा पर पाइप लाइन लीकेज से बना खड्डा, राहगीरों के लिए बना परेशानी का सबब, बारिश में होते बुरे हाल

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’

सोजत। स्थानीय मोड़ भट्टा क्षेत्र में एनएच-162 हाईवे पर पाइप लाइन लीकेज के कारण सड़क किनारे बना खड्डा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के दिनों में है यहां के हाल और भी बुरे हो जाते हैं। यह खड्डा मोड़ भट्टा स्थित पुलिस केबिन के बिल्कुल पास है, जहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन रहता है।

पाइप लाइन में लीकेज होने से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे सड़क किनारे की मिट्टी कटने के साथ खड्डा गहरा होता जा रहा है। इसके चलते पैदल राहगीरों के साथ दुपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान भी हादसे की आशंका बनी हुई है।

हाईवे के समीप स्थित होने के कारण यह स्थान पहले से ही व्यस्त रहता है। ऐसे में खड्डे के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ किसी भी समय दुर्घटना घटित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। विशेषकर रात के समय पर्याप्त रोशनी के अभाव में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन लीकेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जलदाय प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से पाइप लाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त करवाने, पानी के रिसाव को रोकने तथा खड्डे को भरकर सड़क किनारे की स्थिति को ठीक करवाने की मांग की है। लोगों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *