सोजत में दिनदहाड़े जैन मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी
सोजत। शहर के मोदियों के बास क्षेत्र स्थित जैन मंदिर में दिनदहाड़े ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी करने की वारदात सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसा तथा दानपात्र में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर से जुड़े लोगों एवं क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी कानाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में घटना से जुड़े साक्ष्यों की भी जानकारी जुटाई।
दिनदहाड़े धार्मिक स्थल में चोरी की वारदात होने से क्षेत्रवासियों में चिंता एवं रोष का माहौल है। लोगों ने पुलिस से अज्ञात चोर का शीघ्र पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस चौकी प्रभारी कानाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध चोर की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वारदात का शीघ्र खुलासा कर चोर को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना तीन दिन पूर्व की बतायी जा रही है।









