स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर उप जिला कलक्टर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर उप जिला कलक्टर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सोजत। आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर बुधवार को स्थानीय नगरपालिका सभागार, सोजत में उप जिला कलक्टर एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

उप जिला कलक्टर रवि प्रकाश ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय से पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण, अतिथि व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित करने हेतु आवेदन 12 अगस्त तक भेजने होंगे। संबंधित अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में तहसीलदार कूपसिंह पंवार, विकास अधिकारी सुरेश कविया, पुलिस थानाधिकारी देवेंद्र सिंह, अधिशाषी अधिकारी जगदीश लाल सोलंकी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह सांखला, एसीबीईओ बगदाराम जांगिड़, प्रधानाचार्य स्वरूपसिंह उदावत, प्रधानाचार्या श्यामा चारण, चंद्रकला राजपूत, साहित्यकार वीरेंद्र लखावत, विद्युत विभाग एक्सईएन वी एस मीना, ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ शेखर मीणा, जितेंद्र कुमार भार्गव (चिकित्सा), जलदाय एईएन विशेष चौहान, जीवराज सिंह शेखावत (राजीविका), पीडब्ल्यूडी एईएन मनोहर महेंद्रा, पंकज देवल (वन विभाग), आई माता कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामलाल तोसावर, न्यू लुक प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा माथुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी भागीदारी निभाई।

उप जिला कलक्टर रवि प्रकाश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की तथा प्रशासन को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। प्रशासन की ओर से समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आकर्षक ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *